बदायूं-सहसवानपिछले 48 घंटों से हो रही लगातार तेज बारिश ने नगर पालिका सहसवान के विकास के दावों की पोल खोल दी है। नगर की मुख्य सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं, तो गलियों में घुटने तक पानी और कीचड़ से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि नगर के कई मोहल्लों में आवागमन पूरी तरह ठप सा हो गया है।
जहांगीराबाद से लेकर एलआईसी रोड तक बुरा हाल
सबसे ज्यादा खराब स्थिति मोहल्ला जहांगीराबाद सैफुल्लागंज गोपालगंज और एलआईसी रोड की है।
जहांगीराबाद के मुख्य चौराहे से अंदर मोहल्ले तक जाने वाली मुख्य सड़क महीनों से खस्ताहाल पड़ी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनमें अब बारिश का पानी भर गया है। ऊपर से जलभराव होने के कारण गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पा रहा है, जिससे बाइक सवार और पैदल राहगीर रोजाना गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
एलआईसी रोड और गोपालगंज में नालियों का पानी सड़कों पर आ गया है। भीषण गंदगी और बदबू से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस कीचड़ भरे पानी से होकर गुजरने में भारी परेशानी हो रही है।
शिकायत करो तो सिर्फ आश्वासन – मोहल्लेवासी
मोहल्ला जहांगीराबाद के लोगों ने बताया पिछले काफी समय से सड़क टूटी पड़ी है। कई बार नगर पालिका में शिकायत की सभासद से कहा, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है। नालियों की सफाई नहीं हुई, इसलिए पानी निकल ही नहीं रहा। अब तो घरों के आगे भी पानी घुसने लगा है।
राहगीरों का कहना है कि लगातार जलभराव से सड़क पर चलना दूभर हो गया है और हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
नगर पालिका की लापरवाही उजागर
नगरवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा बरसात से पहले न तो नालों की सफाई कराई गई और न ही सड़कों की मरम्मत। इसी लापरवाही का नतीजा है कि थोड़ी सी तेज बारिश में ही पूरा सहसवान नगर जलमग्न हो जाता है। करोड़ों रुपये का बजट होने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं दिख रहा है।
नगर के लोगों ने जिलाधिकारी बदायूं और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जल निकासी के लिए पंप लगाए जाएं और इन खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कराकर आम जनता को इस नारकीय जीवन से मुक्ति दिलाई जाए।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर
