मुरादाबाद-सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने का मामला तूल पकड़ गया है। बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा और सपा के जिला उपाध्यक्ष मुहम्मद उस्मान का सर्किट हाउस के अंदर नमाज पढ़ते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। वह मुरादाबाद में एमएलसी चुनाव को लेकर बिलारी और कुंदरकी में बैठकें करने आए थे। इसी दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष मुहम्मद उस्मान भी सर्किट हाउस पहुंचे और वहीं नमाज अदा की, जिसका किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले ने तूल पकड़ा तो ADM ने भी एक्शन लेने की बात कही इसके बाद देर रात सर्किट हाउस प्रभारी अवर अभियंता अनिल कुमार की तहरीर पर मझोला थाना पुलिस ने आरोपी मुहम्मद उस्मान के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अवरोध उत्पन्न करने की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। इस धारा में 500 रुपये जुर्माने और अधिकतम एक माह की सजा का प्रावधान है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर
