सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर चला बुलडोजर सुबह 5 बजे की गई ध्वस्त

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

सहारनपुर- कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को आज सुबह प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।
कल रात से ही मस्जिद को तोड़े जाने की अफवाहें उड़ रही थीं। लोगों के इकट्ठा होने पर DM ने भीड़ को समझाते हुए कहा था कि मस्जिद को सिर्फ सील किया जाएगा। लेकिन आज सुबह लोग नींद से उठे तो मस्जिद जमींदोज हो चुकी थी।


जिला प्रशासन ने 16 जुलाई को इस निर्माण को सरकारी जमीन पर अवैध माना था। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने बेदखली का आदेश दिया था। जिला जज ने 2 सितंबर को मस्जिद कमेटी की अपील खारिज करते हुए इस आदेश को बरकरार रखा। प्रशासन का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही कार्रवाई की गई है। मौके पर भारी पुलिस बल, PAC और RAF तैनात रही।
मस्जिद कमेटी का दावा
कोर्ट में सुनवाई के दौरान मस्जिद कमेटी ने कहा था कि यह मस्जिद करीब 150 साल पुरानी है और कलेक्ट्रेट बनने से पहले से यहां मौजूद है। इसके सबूत के तौर पर कमेटी ने 1 जनवरी 1911 का एक बिजली बिल कोर्ट में पेश किया।
इस पर प्रशासन ने कोर्ट में दलील दी कि सहारनपुर में बिजली की सप्लाई ही पहली बार 1912 में शुरू हुई थी, इसलिए 1911 का बिजली बिल वैध सबूत नहीं माना जा सकता।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर