सहसवान-शराब की दुकान बंद कर लौट रहे सेल्समैन से बाइक सवार लोगों ने मारपीट की और बाइक भी तोड़ दी। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस को लूट की सूचना मिली तो पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो लूट का मामला गलत पाया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव धुबिया निवासी राजेंद्र पुत्र अंगन लाल ने 112 पर मारपीट, लूटपाट और बाइक में तोड़फोड़ आदि की सूचना दी। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पीड़ित ने बताया कि वह रसूलपुर बेला गांव की शराब की दुकान पर सेल्समैन है। वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। रसूलपुर बेला मोड़ से करीब सौ मीटर पहले पीछे से आए बाइक सवार लोगों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। शोर मचाने पर हमलावर आइंदा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। गहनता से पूछताछ के आधार पर मामला मारपीट और मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त करने का पाया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। कोतवाल नरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। वादी के गांव में आपस में पार्टीबंदी है। अगस्त माह में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। जांच की जा रही है।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान
