सहसवान-स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक अस्पताल संचालक को पंजीकरण और डिग्री दिखाने के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए नोटिस दिया गया था। वैध कागजात न दिखाने पर बिना पंजीकरण और डिग्री के चिकित्सा कार्य करने के आरोप में सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ प्रशांत त्यागी की ओर से अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
चिकित्साधीक्षक डॉ प्रशांत त्यागी की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि 22 अक्टूबर को उनके द्वारा लाइफ केयर हास्पीटल के संचालक को नोटिस दिया गया था कि वह एक दिन में अस्पताल संचालन संबंधी कागजात देकर अपने पक्ष रखें लेकिन निर्धारित समय में उन्होंने चिकित्सा कार्य करने संबंधी डिग्री और अस्पताल के रजिस्ट्रेशन संबंधी कागजात प्रस्तुत नहीं किए। इससे पहले दो अप्रैल 2025 को आरोपियों ने शपथ पत्र दिया था कि वह बिना पंजीकरण के अस्पताल का संचालन नहीं करेंगे। स्वास्थ्य विभाग को धोखा देकर यह लोग चिकित्सा कार्य कर रहे थे। चिकित्साधीक्षक ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अस्पताल संचालक मोहम्मद अदनान निवासी गांव खासपुर बदायूं और कमर जबीं निवासी गांव भवानीपुर खैरु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान
