सहसवान-एसडीएम के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई और विवादित जमीन को कथित अवैध कब्जे से मुक्त कराकर भू स्वामी को कब्जा दिलाया।
नगर के मोहल्ला नसरुल्लागंज निवासी रामकृष्ण सक्सेना ने अपनी पत्नी सरला सक्सेना के नाम दंड झील में स्थित भूमि मौके पर कम होने की शिकायत एसडीएम से की थी। एसडीएम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए खेत की ठियाबंदी कराकर संबंधित लेखपाल और कानूनगो से पैमाइश कराई। मौके पर जमीन कम होने पर संबंधित अवैध कब्जदारों को नोटिस भेजे गए लेकिन किसी ने आपत्ति नहीं की। इसके बाद पुलिस के साथ लेखपाल कानूनगो को भेजकर पीड़ित की जमीन पर चिन्हित कर कब्जा दिला दिया गया। उक्त भूमि के लगभग 27 बीघा रकबे में से करीब 12 बीघा जमीन पर एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा खेती किए जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में पीड़ित ने उप जिलाधिकारी न्यायालय में वाद दायर किया था। मामले में न्यायालय के निर्देश पर भूमि की पैमाइश एवं हदबंदी के लिए राजस्व टीम नियुक्त की गई। इसके बाद राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और भूमि की नापजोख की और भूमि को कब्जामुक्त कराकर शिकायतकर्ता को कब्जा दिलाया गया।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान
