अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत दीपक (30) पुत्र कालीचरण गांव खेड़ा फतेहपुर थाना जुनावई जिला संभल के रुप में हुई मृतक की पहचान

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

सहसवान-अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरु कर दिए।
हादसा सहसवान इस्लामनगर मार्ग पर देर रात हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव शिकारपुर से इब्राहीमपुर गढ़ी जा रही पीआरवी ने सड़क पर एक युवक को मृत अवस्था में पड़े देखा। युवक की क्षतिग्रस्त हीरो स्पलेंडर बाइक भी वहीं पड़ी हुई थी। पीआरवी की सूचना पर कोतवाल नरेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। कयास लगाए जा रहे हैं कि रात में किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। बाइक की नंबर प्लेट पर नंबर नहीं थे। मृतक के हाथ पर राजमाला नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरु कर दिए। बाद में मृतक की पहचान दीपक (30) पुत्र कालीचरण निवासी गांव खेड़ा फतेहपुर थाना जुनावई जिला संभल के रूप में हुई। मृतक के स्वजन ने बताया कि वह अपने घर से इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव राजथल स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। कोतवाल नरेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शिकायती पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान