सहसवान-नगर के मुहल्ला सैफुल्लागंज से आदि महाशक्ति दुर्गा मंडल की ओर से बैंड बाजों और काली अखाड़ों के साथ मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शिव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा गोपालगंज, प्रमोद संस्कृत पाठशाला, नवादा, कोतवाली, बाजार विल्सन गंज होती हुई वापस मुहल्ले में पहुंचकर विसर्जित हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे धार्मिक धुनें बिखेरता बैंड, उसके पीछे अपने कला का प्रदर्शन करते काली अखाड़े के कलाकार, उसके पीछे रंग गुलाल उड़ाते युवाओं की टोली और सबसे पीछे बग्गी पर आसीन मां दुर्गा भव्य धार्मिक दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर मां दुर्गा की प्रतिमा की आरती उतार कर पूजा अर्चना की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया और धार्मिक उल्लास के बीच मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। शोभायात्रा भ्रमण के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाल नरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात रहा।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान
