बिना पंजीकरण चल रहे दो अस्पताल सील तीन को नोटिस जारी एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चलाया अभियान

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

​सहसवान-एसडीएम शौर्य अरोड़ा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधीक्षक डॉ प्रशांत त्यागी और पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में बिना पंजीकरण के चल रहे अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे दो अस्पतालों को सील कर दिया और तीन अस्पतालों को नोटिस जारी किए। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

संयुक्त नेतृत्व वाली टीम ने पांच अस्पतालों पर औचक छापेमारी की। चिकित्साधीक्षक डॉ प्रशांत त्यागी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मानक विहीन और अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर टीम ने अकबराबाद चौराहा स्थित स्टार हेल्थ हास्पीटल और हरदतपुर मार्ग पर स्थित
भारत हास्पीटल को मौके पर ही सील कर दिया। इसके अलावा लाइफ केयर हास्पीटल एनआईसीयू सेंटर और बालाजी क्लीनिक को नोटिस जारी किए गए हैं। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि जिन केंद्रों को नोटिस जारी किया गया है।

उन्हें अपना पक्ष और वैध कागजात प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर इनके द्वारा वैध अभिलेख पेश नहीं किए जाते हैं। तो इन सभी के खिलाफ क्लिनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।टीम में अशफाक अली, देश दीपक शंखधार, सलीम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान