बैंड बाजों, काली अखाड़ों के साथ निकली राम बरात दर्जनों यंत्रचालित और हस्तनिर्मित झांकियां रहीं शामिल

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

सहसवान-नगर में चल रहे श्रीराम लीला महोत्सव में शुक्रवार को बैंडबाजों और काली अखाड़ों के साथ भगवान श्रीराम की बरात निकाली गई। बरात में शामिल करीब डेढ़ दर्जन से अधिक झाकियां आकर्षण का केंद्र रही। राम बरात देखने के लिए ग्रामीण और नगर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की भी व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

पालिकाध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां ने झंडी दिखाकर बरात को रवाना किया। कमेटी अध्यक्ष गौतम असावा ने भगवान श्रीराम का तिलक कर आरती उतारी। बारात में सबसे आगे गणेश जी की सजीव झांकी, उसके पीछे बग्घी पर सवार श्रीराम लक्ष्मण, नृत्य करते राधा कृष्ण, बजरंग बली, श्रीकृष्ण सुदामा, नौ देवियों की झांकी लोगों को भाव विभोर कर रही थीं। इसके अलावा करीब एक दर्जन काली अखाड़े और अलग-अलग तरह के करतब दिखाते कलाकार लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।

जहांगीराबाद चौराहा से शुरु हुई बरात देर रात तक परंपरागत मार्ग पर निकाली जा रही थी।पालिकाध्यक्ष बाबर मियां के निर्देश पर बारात मार्ग पर विशेष सफाई कर चूना डलवाया गया। बरात के दौरान एसडीएम शौर्य अरोड़ा, सीओ अशोक कुमार सिंह, कोतवाल नरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद थी।

शाम से ही ग्रामीण व नगर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने मुख्य बाजार समेत बरात मार्ग पर जगह जगह स्थान ग्रहण कर बरात का आनंद उठाया। शोभायात्रा में महामंत्री आदर्श सक्सेना, हैदर मियां, अवढ़र शर्मा, वेद प्रकाश मिश्रा, पियूष महेश्वरी, भवेश चांडक, शिशिर माहेश्वरी, सौरभ सक्सेना, नितिन माहेश्वरी, अबीर सक्सेना आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान