इंडिया का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ FBI की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल 1 मिलियन डॉलर का इनाम

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

नई दिल्ली-भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ यानी सतिंदरजीत सिंह को अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने अपनी सबसे खतरनाक ‘Ten Most Wanted Fugitives की लिस्ट में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी या उसके बारे में ऐसी जानकारी देने पर जिससे उसकी गिरफ्तारी हो सके 10 लाख डॉलर यानी करीब 9.58 करोड़ रुपये तक का इनाम घोषित किया गया है।
FBI ने 28 सितंबर को गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल करने का ऐलान किया।
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का उत्तरी अमेरिका में कथित तौर पर प्रमुख नेता है। उस पर टारगेट किलिंग हत्या, गोलीबारी, अपहरण, धमकी देकर वसूली, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका की एक अदालत में कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। इनमें RICO यानी संगठित अपराध से जुड़ी साजिश, जबरन वसूली के जरिए कारोबार में दखल और ड्रग्स की तस्करी की साजिश शामिल है।
543वां नाम
गोल्डी बराड़ FBI की Ten Most Wanted Fugitives List में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है।
FBI के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि गोल्डी बराड़ बेहद खतरनाक व्यक्ति है और FBI की प्राथमिकता उसे गिरफ्तार करना है।
उन्होंने कहा कि उसकी तस्वीर और पहचान को अमेरिका समेत दुनियाभर में बड़े स्तर पर प्रचारित किया जाएगा, ताकि उसे जल्द पकड़ा जा सके। हर FBI वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसकी फोटो होगी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन
अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई जेल में रहते हुए भी अपने नेटवर्क को चलाता रहा है। आरोप है कि जेल से वह मोबाइल और इंटरनेट आधारित कम्युनिकेशन के जरिए अपने साथियों को निर्देश देता था।
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ बिश्नोई का भरोसेमंद सहयोगी था और दुनियाभर में बिश्नोई गैंग के सदस्यों और सहयोगियों की गतिविधियों को निर्देशित करने में उसकी भूमिका थी।
कनाडा में हाई-प्रोफाइल हत्या का भी आरोप
अमेरिकी अभियोजन के मुताबिक, गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई पर कनाडा में जून 2023 में एक प्रमुख भारतीय राजनीतिक और धार्मिक नेता की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक गुरुद्वारे से निकलते समय दो हमलावरों ने उस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अमेरिकी कोर्ट दस्तावेजों में मृतक की पहचान “H.S.N.” के तौर पर की गई है, जिसे हरदीप सिंह निज्जर बताया जा रहा है।
ड्रग्स के कारोबार का भी आरोप
अमेरिकी जांच के मुताबिक, मार्च 2024 से जुलाई 2025 के बीच बिश्नोई गैंग ने लॉस एंजिल्स इलाके में दूसरे ड्रग तस्कर गिरोहों से करीब 520 किलो कोकीन लूटने का काम किया।
अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, बिश्नोई गैंग पर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हत्या, शूटिंग, धमकी, रंगदारी, आगजनी और ड्रग तस्करी जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं।
Operation Hardball में बड़ा खुलासा
7 जुलाई 2026 को अमेरिका ने Operation Hardball के नतीजों का ऐलान किया था। इस ऑपरेशन में भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 37 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की गई थीं।
अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, इन मामलों में हत्या, रंगदारी, गोलीबारी और बड़ी मात्रा में ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय तस्करी जैसे आरोप शामिल हैं।
FBI और उसके सहयोगियों ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। गोल्डी बराड़ भी इनमें शामिल है।
FBI की चेतावनी
FBI ने गोल्डी बराड़ को बेहद हिंसक, हथियारबंद और खतरनाक बताया है।
FBI ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास गोल्डी बराड़ के बारे में जानकारी है तो वह सीधे FBI या स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी को सूचना दे। जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जा सकती है।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर