बरेली रामेश्वर धाम कॉलोनी लाल फाटक में जलभराव बना नासूर, कई शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

बरेली-लाल फाटक क्षेत्र की पॉश मानी जाने वाली रामेश्वर धाम कॉलोनी में इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। आलम यह है कि हल्की सी बारिश के बाद भी गलियों में घुटने भर तक पानी भर जाता है, जिसका निकास न होने से हफ्तों तक सड़क तालाब बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदे पानी की वजह से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घर से निकलने में भारी परेशानी होती है। स्कूली बच्चों को पानी में से होकर जाना पड़ता है। कई बार बाइक सवार फिसल कर चोटिल भी हो चुके हैं।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस जमा पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है जिससे डेंगू,मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बदबू के कारण लोगों का घर में रहना भी मुश्किल हो गया है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
कॉलोनी वासियों ने बताया कि उन्होंने पार्षद से लेकर नगर निगम तक कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की है, लेकिन अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। मौके पर कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। नालियों की सफाई नहीं होने और सड़क का लेवल सही न होने से यह समस्या हर बारिश में विकराल रूप ले लेती है। कॉलोनी के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर आयुक्त बरेली से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए और खराब सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर