बिसौली में जय भोले गेस्ट हाउस पर पुलिस का छापा सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ 12 गिरफ्तार

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

बदायूं-बिसौली के बिसौली से बड़ी खबर सामने आई है। बिसौली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रानेट चौराहे के पास स्थित जय भोले गेस्ट हाउस पर छापा मारकर गेस्ट हाउस मालिक और संचालक समेत 12 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस अचानक कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, बिसौली कोतवाली पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि रानेट चौराहे पर स्थित जय भोले गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार चल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम में नायब तहसीलदार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बिसौली और महिला पुलिस टीम शामिल रही। टीम ने गेस्ट हाउस पर दबिश दी तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
10 पुरुष और 2 महिलाएं पकड़ी गईं
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 10 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। पकड़े गए लोगों में गेस्ट हाउस का मालिक और संचालक भी शामिल बताया जा रहा है।
छापे के दौरान गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मुकदमा दर्ज जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में बिसौली कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम (PITA Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह सेक्स रैकेट कब से चल रहा था, इसमें बाहर से लड़कियां कहां से लाई जा रही थीं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले की असली तस्वीर साफ हो पाएगी।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर