सहसवान पहुंची हरियाणा पुलिस साइबर ठगी के आरोपी की तलाश

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

सहसवान-हरियाणा में साइबर ठगी करने वाले एक युवक की तलाश में हरियाणा के अंबाला क्षेत्र की क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार को सहसवान पहुंची। पुलिस टीम ने नगर के मोहल्ला अकबराबाद में दबिश दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक साइबर ठगी के जरिए लोगों से रुपये ठगने के मामले में वांछित है। यह आरोपित सहसवान में छिपकर अपना कारोबार कर रहा है। जिसकी सूचना पर हरियाणा पुलिस यहां पहुंची थी। क्राइम ब्रांच की टीम को देखकर आसपास के लोगों में कौतूहल पैदा हो गया। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लग सका। फिलहाल दबिश को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कोतवाल नरेश कुमार सिंह ने बताया कि अंबाला क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी की तलाश में आई थी।
रिपोर्ट महेंद्र सक्सेना प्रभारी सहसवान