एसएसपी ने किया सहसवान कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कानून-व्यवस्था पर सख्ती के एसएचओ को दिए निर्देश

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

बदायूं-सहसवान कोतवाली का आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर, कार्यालय अभिलेखों, मालखाने, शस्त्रागार एवं बंदीगृह का बारीकी से अवलोकन किया तथा साफ-सफाई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। एसएसपी ने मालखाने में रखे शस्त्रों और जब्त सामान का भौतिक सत्यापन करते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। बंदीगृह की स्वच्छता, सुरक्षा इंतजाम और बंदियों के रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों एवं विभिन्न रजिस्टरों को अद्यतन रखने तथा सभी प्रविष्टियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आईजीआरएस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई। कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने क्षेत्र में लंबित विवेचनाओं को शीघ्र पूर्ण करने, वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। आगामी त्योहारों होली एवं रमजान को देखते हुए एसएसपी ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।

अंत में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करें। कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी एवं कोतवाली प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित।

रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर