दबंगों के आगे पस्त सिस्टम बदायूं में डायल 112 के सिपाही को घर में घुसकर लहूलुहान किया आरोपी पुलिस पकड़ से दूर

ताज़ा ख़बर लिखित समाचार

बदायूं-सूबे में खाकी का इकबाल बुलंद होने के दावों के बीच बदायूं जिले से एक रूह कंपा देने वाली और कानून-व्यवस्था की पोल खोलती वारदात सामने आई है। आम जनता की हिफाजत का दम भरने वाली पुलिस खुद अपने ही महकमे के नुमाइंदों को दबंगों के कहर से बचाने में बेबस नजर आ रही है। जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खाकी वर्दी पर हाथ डालने से भी नहीं हिचक रहे।
ताजा मामला बिल्सी कोतवाली क्षेत्र व कस्बे का है, जहां डायल 112 में तैनात सिपाही विपिन पर दबंगों ने उनके ही किराए के मकान में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक सिपाही विपिन के किराए के मकान के बाहर कुछ दबंग किस्म के युवक खुलेआम गाली-गलौज करते हुए शराब पी रहे थे। जब ड्यूटी पर तैनात अनुशासित सिपाही ने सार्वजनिक स्थान पर हो रही इस अराजकता का विरोध किया और उन्हें मना किया, तो यही बात दबंगों को नागवार गुजरी।
विरोध से बौखलाए दबंगों ने कानून की मर्यादा को तार-तार करते हुए सिपाही के घर के भीतर धावा बोल दिया और उन पर कातिलाना हमला कर दिया।
पुलिस में हो तो क्या उखाड़ लोगे
वारदात के दौरान दबंगों के सिर पर खून सवार था। सिपाही को ल लहूलुहान करने के बाद बेखौफ आरोपियों ने खाकी को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम धमकी दी— “पुलिस में हो तो क्या उखाड़ लोगे?” और बड़े आराम से मौके से फरार हो गए। यह महज एक सिपाही पर हमला नहीं, बल्कि कानून के रखवालों की अस्मिता पर सीधा और गहरा प्रहार है।
थाने पहुंचा लहूलुहान सिपाही, मुकदमा दर्ज
हमले में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पीड़ित सिपाही विपिन किसी तरह बिल्सी थाने पहुंचे। पुलिस ने सिपाही की तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सवाल के घेरे में खाकी की साख
इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल तेजी से कौंध रहा है कि जब खाकी खुद अपने घर में सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? दबंगों के इस दुस्साहस ने स्थानीय पुलिस महकमे की कार्यशैली और खौफ पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस अपनी ही साख पर लगे इस दाग को धोने के लिए इन बेखौफ दबंगों पर क्या और कितनी सख्त कार्रवाई करती है।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर