बदायूं-सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम समदा में शुक्रवार देर रात गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश और रास्ते को लेकर चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घायल की पहचान राजवीर (38 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप, निवासी ग्राम समदा थाना सहसवान के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से घायल राजवीर को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहसवान लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस एहतियात के तौर पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की गहन विवेचना कर रही है।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर
