बदायूं-हजरतपुर थाना क्षेत्र के वमनपुरा गांव में 19 साल की परमेश्वरी और 22 साल का अर्जुन सिंह दोनों कश्यप जाति के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। आशंका है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने आत्महत्या की, लेकिन गांव में अब भी कई सवाल दबे हुए हैं।
मामला हजरतपुर थाना क्षेत्र के वमनपुरा गांव का है। परमेश्वरी कल दोपहर से लापता थी। परिजनों को लगा कि वो कहीं रिश्तेदारी में गई होगी, लेकिन रात होते-होते शक गहरा गया। तलाश शुरू हुई तो पता चला कि पास ही रहने वाला अर्जुन सिंह भी घर से गायब है। रात में गांव के बाहर खेत की तरफ कुछ ग्रामीण पहुंचे, तो वहां का मंजर दिल दहला देने वाला था। एक पेड़ पर बगल-बगल लटके थे परमेश्वरी और अर्जुन के शव। दोनों के गले में रस्सी का फंदा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को नीचे उतारा गया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जांच शुरू हुई। एसएसपी बदायूं ब्रजेश कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया दोनों एक-दूसरे को जानते थे, घर आमने-सामने थे। कल दोपहर से लड़की गायब थी और देर रात दोनों के शव मिले हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव में चर्चा है कि दोनों के रिश्ते को लेकर परिवारों में तनाव था। हालांकि पुलिस अभी इसे आत्महत्या मान रही है लेकिन घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं क्या ये महज़ प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत है या इसके पीछे कोई और कहानी छुपी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल, गांव वमनपुरा में मातम पसरा है और दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। वही एसएसपी बदायूं ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि लड़का-लड़की एक-दूसरे को जानते थे उनके घर आमने-सामने थे। कल दोपहर से लड़की गायब थी। देर रात दोनों के शव एक पेड़ से लटके मिले। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट शाज़ेब खान चीफ एडिटर